जाम से मिलेगी मुक्ति: ट्रांसपोर्ट नगर और घाट की गुणी पर अब नहीं लगेंगे सवारी वाहनों के ढेर
जयपुर, 06 फ़रवरी । शहर के सबसे व्यस्त प्रवेश द्वारों में से एक ट्रांसपोर्ट नगर और घाट की गुणी क्षेत्र को जाम मुक्त करने के लिए जयपुर पुलिस ने कमर कस ली है। सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देशों पर शुक्रवार को नई व्यवस्था लागू की गई। इसके तहत सड़क पर अवैध रूप से खड़े होकर सवारी बैठाने वाले वाहनों को हटाकर उन्हें निर्धारित स्थानों पर रुकने के लिए पाबंद किया गया है।
जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने कहा कि शहर में सुगम यातायात हमारी प्राथमिकता है। ट्रांसपोर्ट नगर और घाट की गुणी पर अब निर्बाध संचालन के लिए कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर उतार दिया गया है।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) सुमित मेहरडा ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर और घाट की गुणी पर सड़क के दोनों ओर टेंपो ट्रेक्स और टाटा मैजिक जैसे सवारी वाहन अनधिकृत रूप से खड़े रहते थे। बीच सड़क पर सवारी बैठाने की होड़ के कारण न केवल यातायात बाधित हो रहा था। बल्कि आए दिन लंबे जाम की स्थिति बनी रहती थी। इससे आम वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
यातायात पुलिस ने शुक्रवार को विशेष अभियान चलाकर ट्रांसपोर्ट नगर, सांगानेर, जगतपुरा, कानोता, गोनेर, अक्षय पात्र, नायला और दौसा—बस्सी की तरफ जाने वाले टाटा मैजिक व अन्य वाहन चलने वाले वाहन चालकों को समझाइश कर पाबंद किया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब समझाइश का दौर समाप्त हो चुका है। यदि कोई भी सवारी वाहन चालक निर्धारित स्थान के अलावा सड़क पर कहीं भी वाहन खड़ा कर यातायात अवरुद्ध करता पाया गया,तो उसके विरुद्ध यातायात नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

