Himachal Pradesh

एचआरटीसी बस हादसा: घायल चालक दिनेश कुमार शर्मा की पीजीआई चंडीगढ़ में मौत

शिमला, 08 फ़रवरी । हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस दुर्घटना में घायल चालक दिनेश कुमार शर्मा की रविवार तड़के पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई। दिनेश कुमार शर्मा शिमला जिला के नेरवा क्षेत्र के निवासी थे और पिछले पांच दिनों से गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती थे।

दरअसल, बीते 3 फरवरी की सुबह चौपाल-नेरवा से पांवटा साहिब जा रही एचआरटीसी बस (HP-66A-2588) उत्तराखंड के देहरादून जिला के क्वाणु क्षेत्र के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। बस अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई थी। हादसे के समय बस में चालक सहित कुल 34 लोग सवार थे। दुर्घटना में चालक दिनेश कुमार शर्मा को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उन्हें पहले विकासनगर अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था।

अस्पताल में उपचार के दौरान शुरुआती दिनों में उनकी स्थिति गंभीर बनी रही। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था और कुछ समय के लिए स्वास्थ्य में हल्का सुधार भी देखा गया था, लेकिन रविवार तड़के अचानक तबीयत बिगड़ने से उनका निधन हो गया।

इस दुर्घटना में अब मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। तीन यात्रियों की मौत घटना के तुरंत बाद हो गई थी, जबकि अन्य कई यात्री घायल हुए थे। हादसे में बस के परिचालक ने कूदकर अपनी जान बचाई थी।

एचआरटीसी चालक-परिचालक एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने चालक दिनेश कुमार शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया है और उन्हें निगम का अनुभवी चालक बताया है।

पुलिस के अनुसार चालक का पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम की औपचारिकताओं के बाद उनके पैतृक गांव नेरवा भेजा जा रहा है, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।