Rajasthan

बेकाबू स्कॉर्पियो ने तीन को कुचला, दो की मौत

बाड़मेर, 03 फ़रवरी । गुड़ामालानी थाना इलाके के बांटा-गुड़ामालानी रोड पर मंगलवार को बडा सड़क हादसा हुआ, जिसमें सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे तीन लोगों को बेकाबू स्कॉर्पियों ने टक्कर मार दी। इनमें से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

गुड़ामालानी सीआई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि गुड़ामालानी थाना इलाके के बांटा-गुड़ामालानी रोड पर मंगलवार को सड़क किनारे बातचीत कर रहे भंवरलाल (33), उनके चाचा देवाराम और बहन के ससुर ईशराम (55) को एक काले रंग की बेकाबू स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे की ज़बरदस्त टक्कर से तीनों उछलकर पास के खेत में जा गिरे और भंवरलाल की बाइक पूरी तरह डैमेज हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत तीनों को मालाणी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां भंवरलाल और ईशराम को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि चाचा देवाराम का इलाज जारी है।

भंवरलाल बहन के ससुर ईशराम को गुड़ामालानी बस स्टैंड छोड़ने जा रहे थे।

मंदिर के पास बातचीत के दौरान रॉन्ग साइड से आई स्कॉर्पियो ने उन्हें कुचला। हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार मौके से भाग गया। भंवरलाल हैदराबाद में मजदूरी करते थे। घर पर जागरण चल रहा था, इसलिए 26 जनवरी को अपने गांव गुड़ामालानी आए थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं, जिनकी जिम्मेदारी भंवरलाल संभालते थे।

गुड़ामालानी सीआई सुरेंद्र कुमार ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश जारी है।