राजगढ़ःभूमि विक्रय के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपित गिरफ्तार, 39 लाख रुपये बरामद
राजगढ़, 23 फरवरी । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में नरसिंहगढ़ थाना पुलिस टीम ने आपरेशन किसान रक्षक अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए किसान के साथ भूमि विक्रय के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपितों को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 39 लाख रुपए बरामद किए।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने सोमवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित पत्रकारवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि 24 नवंबर को ग्राम शिवपुरा निवासी जगदीश गुर्जर ने शिकायत की, बांध निर्माण के कारण उसकी जमीन डूब क्षेत्र में चली गई थी, शासन से प्राप्त मुआवजा राशि से वह अन्यत्र कृषि भूमि खरीदना चाहता था। इसी दौरान आरोपितों ने 72 लाख रुपए में भूमि विक्रय का झांसा देकर उससे 25 लाख रुपए आरटीजीएस एवं 14 लाख रुपए नकद प्राप्त किए।जांच में ज्ञात हुआ कि संबंधित भूमि पूर्व में ही अन्य व्यक्ति को विक्रय की जा चुकी है तथा मामला न्यायालय में विचारधीन है। पुलिस ने मामले में आरोपितों के खिलाफ धारा 318(4), 316(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान वरिष्ठ अफसरों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच कर आरोपित धर्मेन्द्रसिंह (35)पुत्र राजेन्द्रसिंह चैहान और अजबसिंह (45)पुत्र कमलसिंह राजपूत निवासी निवासी दामारुसली थाना पथरिया जिला विदिशा को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से शतप्रतिशत राशि 39 लाख रुपए बरामद की। आरोपित धर्मेन्द्रसिंह चैहान के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट सहित अन्य प्रकरण पूर्व में पंजीबद्व है।

