Sports

डीडीसीए ने सॉफ्ट ड्रिंक दोबारा बोतल में भरने वाले वीडियो पर दी सफाई

नई दिल्ली, 12 फ़रवरी । दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वायरल हो रहे उस वीडियो को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है, जिसमें हालिया मैच के दौरान एक विक्रेता को ठंडा पेय दोबारा बोतल में भरते हुए दिखाया गया है।

डीडीसीए ने अपने बयान में कहा कि स्टेडियम में पेय पदार्थ परोसने का कार्य अधिकृत कंसेशनायर द्वारा इवेंट गाइडलाइंस के अनुरूप किया जाता है। संबंधित कंसेशनायर निर्धारित वाणिज्यिक समझौतों और परिचालन मानकों के तहत कोका-कोला उत्पादों की बिक्री कर रहा था।

संघ ने स्पष्ट किया कि डीडीसीए अपने सभी स्थलों पर सख्त स्वच्छता प्रोटोकॉल का पालन करता है।

वायरल वीडियो में दिखाई गई घटना के संबंध में बताया गया कि विक्रेता गीले और सूखे कचरे को अलग करते समय अवशिष्ट (अनुपयोगी) पेय को निस्तारण प्रक्रिया के तहत बोतल में वापस डाल रहा था, ताकि उसे व्यवस्थित रूप से संग्रहित किया जा सके।

बाद में इन बोतलों को एकत्र कर निर्धारित कचरा प्रबंधन और रीसाइक्लिंग नीति के अनुसार अलग-अलग कर संसाधित किया गया। डीडीसीए ने दोहराया कि संबंधित बोतलों का निपटान स्थापित पर्यावरणीय और परिचालन दिशानिर्देशों के अनुरूप जिम्मेदारी से किया गया था।