महाराष्ट्र की लड़कियों और ओडिशा के लड़कों ने सब-जूनियर राष्ट्रीय खो-खो चैंपियनशिप का खिताब जीता
कुरुक्षेत्र, 04 फ़रवरी । 35वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय खो-खो चैंपियनशिप (लड़के एवं लड़कियां) 2025-26 में लड़कियों की श्रेणी में, गत विजेता महाराष्ट्र ने राजस्थान को 27-15 से हराकर 12 अंक और एक इनिंग के अंतर से खिताब अपने नाम किया। लड़कों की श्रेणी में ओडिशा ने कोल्हापुर को 31-24 से हराकर 7 अंक और एक इनिंग के अंतर से चैंपियन बना।
लड़कों की श्रेणी में महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि लड़कियों की श्रेणी में पंजाब और हरियाणा ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इस चैंपियनशिप का आयोजन हरियाणा स्पोर्ट्स खो-खो एसोसिएशन द्वारा खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया (केकेएफआई) के तत्वावधान में किया गया था। राष्ट्रीय आयोजन का उद्घाटन हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 31 जनवरी को किया था।
चैंपियनशिप में विभिन्न राज्यों, संघ शासित प्रदेशों और तीन संबद्ध सदस्य संघों — कोल्हापुर, विदर्भ और मध्य भारत — की 31 लड़कों और इतनी ही लड़कियों की टीमें शामिल हुईं।
खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल ने कहा, “ये युवा प्रतिभाएं एक उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ रही हैं। केकेएफआई उन्हें सर्वोत्तम प्रशिक्षण और सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। मैं सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को इस सब-जूनियर चैंपियनशिप को सफल बनाने के लिए बधाई देता हूं।”
हरियाणा स्पोर्ट्स खो-खो एसोसिएशन के अध्यक्ष जवाहर सिंह यादव ने कहा,“मैं विजेता टीमों के लिए 25,000 रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के लिए 20,000 रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के लिए 15,000 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा करता हूं। तीसरे स्थान पर रही हरियाणा की लड़कियों की टीम के लिए मैं 1 लाख रुपये का पुरस्कार घोषित करता हूं।”
लड़कियों की श्रेणी में महाराष्ट्र की राही पाटिल को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर, राजस्थान की गुंजन को सर्वश्रेष्ठ अटैकर और महाराष्ट्र की अपर्णा वर्दे को सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के लिए आई.एल.ए अवॉर्ड से नवाजा गया।
लड़कों की श्रेणी में महाराष्ट्र के वरद को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर, कोल्हापुर के गौरव माने को सर्वश्रेष्ठ अटैकर और ओडिशा के सत्य रंजन बेहरा को सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के लिए भारत अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर केकेएफआई के महासचिव उपकार सिंह विरक, हरियाणा स्पोर्ट्स खो-खो एसोसिएशन के अध्यक्ष जवाहर सिंह यादव, महासचिव महेंद्र कम्बोज, कुरुक्षेत्र खो-खो एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार सैनी, हरियाणा सरकार के खेल विभाग की उप निदेशक सुनीता खत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
34वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय खो-खो चैंपियनशिप 28 सितंबर से 2 अक्टूबर 2024 तक झारखंड के सिमडेगा में आयोजित हुई थी, जिसमें महाराष्ट्र ने लड़कों और लड़कियों दोनों श्रेणियों में खिताब जीता था।

