पुलिस ने 35 लाख के अवैध गांजा के साथ दो आरोपितों को किया गिरफ्तार
जौनपुर,11 फरवरी । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में खुटहन थाना अंतर्गत खुटहन वाया मोहदीसराय मार्ग के सौरइया गांव से पुलिस ने बीती रात मंगलवार बाइक सवार दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 1.32 क्विंटल गांजा बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे का बाजार मूल्य 35 लाख रूपये से अधिक है।
थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बुधवार को बताया कि बीती रात हमराहियों के साथ संदिग्धों की चेकिंग कर रहे थे। तभी खुटहन की तरफ से एक बाइक पर प्लास्टिक की बोरी लादकर आते दो युवक दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों बाइक पीछे मोड़ कर भागने लगे। शक के आधार पर पुलिस टीम ने उसे घेरकर पकड़ लिया। तलाशी में बोरी से गांजा बरामद हुआ। दोनों ने पूछताछ में बताया कि पांच बोरी गांजा वह अपने घर के सामने टीन शेड में रखे भूसा में छुपाकर रखा है। पुलिस ने भूसे में रखा बोरियों में गांजा भी बरामद कर लिया। उनके पास से 15 सौ रूपये और चार एंड्रॉयड फोन भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार तस्कर रामनगर गांव निवासी पिंटू निषाद और प्रमोद निषाद हैं। पिंटू निषाद दुष्कर्म और पाक्सो का आरोपी भी है। उसके खिलाफ चार वर्ष पूर्व खुटहन थाने में ही मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।———–

