Rajasthan

उदयपुर–असारवा वंदे भारत 16 फरवरी से

उदयपुर, 10 फ़रवरी । राजस्थान के मेवाड़ क्षेत्र को भारतीय रेलवे की ओर से एक और आधुनिक रेल सुविधा की सौगात मिलने जा रही है। आगामी 16 फरवरी से उदयपुर से गुजरात के असारवा रेलवे स्टेशन तक नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा। इस हाईस्पीड ट्रेन के शुरू होने से मेवाड़ और गुजरात के बीच यात्रा न केवल तेज और आरामदायक होगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

यह वंदे भारत ट्रेन उदयपुर से रवाना होकर डूंगरपुर और गुजरात के हिम्मतनगर होते हुए असारवा पहुंचेगी। इससे उदयपुर को अहमदाबाद से सीधी और आधुनिक रेल कनेक्टिविटी मिलेगी, वहीं अहमदाबाद के माध्यम से मुंबई और दक्षिण भारत के लिए भी बेहतर कनेक्शन संभव होगा।

रेलवे सूत्रों के अनुसार सप्ताह में छह दिन चलने वाली यह ट्रेन सुबह 6.10 बजे उदयपुर से रवाना होगी और सुबह 10.25 बजे असारवा पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन असारवा से शाम 5.45 बजे प्रस्थान कर रात 10 बजे उदयपुर पहुंचेगी। मार्ग में इस ट्रेन का ठहराव उदयपुर के जावर स्टेशन, डूंगरपुर स्टेशन और गुजरात के हिम्मतनगर स्टेशन पर रहेगा।

उल्लेखनीय है कि उदयपुर–अहमदाबाद रेल लाइन पर आमान परिवर्तन का कार्य पूर्ण होने के बाद इस मार्ग का विद्युतीकरण भी कर दिया गया है, जिससे वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेन के संचालन की राह प्रशस्त हुई।

चित्तौड़गढ़ के सांसद सीपी जोशी तथा उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए इसे मेवाड़ के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

हालांकि, मेवाड़ अंचल के लोगों में अब भी उदयपुर से मुंबई तक सीधी वंदे भारत ट्रेन शुरू होने का इंतजार बना हुआ है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद थी कि वंदे भारत सेवा सीधे मुंबई तक चलेगी, जिससे देश की आर्थिक राजधानी से सीधा हाईस्पीड रेल संपर्क मिल सके। फिलहाल असारवा तक वंदे भारत शुरू होना मेवाड़ के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे भविष्य में मुंबई तक वंदे भारत विस्तार की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।