Uttarakhand

फरवरी तक शत-प्रतिशत बीएलए नियुक्ति करें : मुख्य निर्वाचन अधिकारी

देहरादून, 13 फ़रवरी । मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को सचिवालय में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर फरवरी माह तक शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) नियुक्त करने की अपील की। बैठक में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), बीएलओ आउटरीच अभियान और बीएलए की नियुक्ति से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

डॉ.पुरुषोत्तम ने बताया कि एसआईआर की तैयारियों के तहत प्रदेशभर में बीएलओ द्वारा वर्ष 2003 की मतदाता सूची से वर्तमान मतदाताओं की मैपिंग की जा रही है और अब तक 79 प्रतिशत मैपिंग पूरी हो चुकी है। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों में बीएलए के सहयोग से इस प्रक्रिया को और तेज किया जा सकता है।

आम आदमी पार्टी और नेशनल पीपुल्स पार्टी ने अभी तक कोई बीएलए नियुक्त नहीं किया है। वर्तमान में विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा कुल 15,437 बीएलए नियुक्त किए गए हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी ने 7,165, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने 7,968, बहुजन समाज पार्टी ने 117 और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) ने 187 बीएलए नियुक्त किए हैं। इसके अतिरिक्त आम आदमी पार्टी और नेशनल पीपुल्स पार्टी ने अभी तक कोई बीएलए नियुक्त नहीं किया है।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।