Uttarakhand

शारदा रिवर फ्रंट से बदलेगी चम्पावत की तस्वीर: मुख्यमंत्री धामी

टनकपुर (चम्पावत), 07 फरवरी । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि शारदा रिवर फ्रंट (शारदा कॉरिडोर) परियोजना से चम्पावत की तस्वीर बदलेगी और यह क्षेत्र पर्यटन, आस्था तथा आधुनिक शहरी विकास के मानचित्र पर नई पहचान बनाएगा।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को चम्पावत में 300 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। इनमें शारदा घाट पुनर्विकास (प्रथम चरण), सिटी ड्रेनेज योजना, सड़क निर्माण व सुधारीकरण, बाढ़ सुरक्षा कार्य, हेलीपैड निर्माण, शैक्षणिक संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार तथा आपदा प्रबंधन से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से शिक्षा, सड़क, पर्यटन, शहरी विकास और आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी। इससे सीमांत क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि चम्पावत आस्था, संस्कृति और इतिहास से समृद्ध जनपद है। विकास और सांस्कृतिक विरासत के संतुलन से उत्तराखंड की पहचान और सुदृढ़ होगी। मुख्यमंत्री ने जनभागीदारी के माध्यम से विकास कार्यों को सफल बनाने का आह्वान किया।