युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम में संस्कृति और संवाद पर जोर
नैनीताल, 12 फ़रवरी । मेरा युवा भारत, नैनीताल द्वारा हर्मिटेज स्थित यूजीसी–एमएमटीटीसी, कुमाऊँ विश्वविद्यालय में आयोजित अंतर-राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के चौथे दिन विविध ज्ञानवर्धक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न जिलों से आए 37 युवा प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
दिन की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई। इसके बाद आयोजित भाषा शिक्षण सत्र में प्रशिक्षक पुष्कर दानू, स्वयंसेवक संजय बिष्ट और अजय कोहली ने प्रतिभागियों को भाषाई समझ और संवाद कौशल पर मार्गदर्शन दिया।
दोपहर सत्र में प्रो. रीतेश साह ने उत्तराखंड की संस्कृति, भौगोलिक परिस्थितियों और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर व्याख्यान दिया। वहीं डॉ. पंकज तिवारी और समीरन त्रिपाठी ने ग्रामीण विकास और महिला स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण पर जानकारी साझा की।
अंतिम चरण में डीएसबी परिसर के एनसीसी कैडेट्स के साथ संवादात्मक सत्र और लोकनृत्य प्रशिक्षण आयोजित हुआ। सायंकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के युवाओं ने अपनी प्रस्तुतियों से “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को अभिव्यक्त किया।

