चार दिवसीय टिहरी लेक फेस्टिवल 6 मार्च से हाेगा शुरू
टिहरी, 25 फरवरी । टिहरी में 6 से 9 मार्च तक आयोजित होने वाला टिहरी लेक फेस्टिवल पर्यटन को नई ऊंचाई मिलेगी। इस चार दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ 6 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कर सकते हैं।
टिहरी जिला प्रशासन और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस फेस्टिवल के दौरान टिहरी झील में बोटिंग, गंगा नदी में राफ्टिंग, खैट पर्वत व अन्य ट्रैकिंग मार्गों पर साहसिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही देवप्रयाग स्थित रघुनाथ मंदिर के दर्शन, संगम तट पर गंगा आरती और योगाभ्यास भी कार्यक्रम भी हाेंगे। जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल के अनुसार आयोजन का उद्देश्य टिहरी जिले को प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना है। फेस्टिवल में ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग,रॉक क्लाइंबिंग,राफ्टिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियों के साथ मास्टर शेफ, फोटोग्राफी, पेंटिंग, सोशल मीडिया रील,ग्रुप फैशन शो, मिस्टर एंड मिस टिहरी और रैप सिंगिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिताओं में प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये तक,द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त पांच-पांच हजार रुपये के दस सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। आयोजन के तहत कोटी कॉलोनी में फूड फेस्टिवल और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। 6 मार्च को पांडवाज बैंड और 07 मार्च को प्रसिद्ध संगीतकार अमित त्रिवेदी प्रस्तुति देंगे।
जिला प्रशासन को उम्मीद है कि टिहरी लेक फेस्टिवल से न केवल पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय संस्कृति, कला और उत्पादों को भी व्यापक पहचान मिलेगी।

