कुमाऊं विश्वविद्यालय में ‘एथिकल राइटिंग स्किल’ विषय पर कार्यशाला आयोजित
नैनीताल, 20 फ़रवरी । कुमाऊं विश्वविद्यालय द्वारा पीएम-उषा मेरु कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को सर जेसी बोस तकनीकी परिसर भीमताल में स्थित जैव प्रौद्योगिकी विभाग में ‘एथिकल राइटिंग स्किल’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का उद्घाटन कार्यक्रम संयोजक प्रो. वीना पाण्डे, नोडल अधिकारी प्रो. शुचि बिष्ट, सहसंयोजक प्रो. रमेश चन्द, बीआर सेंटर फॉर मेडिकल रिसर्च दिल्ली विश्वविद्यालय की अतिथि व्याख्याता प्रो. मधु चोपड़ा तथा थीम इंडिया नई दिल्ली के डॉ. रोहित भाटिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के 100 से अधिक प्रतिभागियों ने सहभागिता की। प्रो. वीना पाण्डे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए नैतिक लेखन के महत्व तथा लेखकों के बीच विश्वास और पारदर्शिता विकसित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। अतिथि वक्ता प्रो. मधु चोपड़ा और डॉ. रोहित भाटिया ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे समसामयिक विषय पर विस्तृत जानकारी देते हुए शोध और लेखन में इसके उपयोग तथा नैतिक चुनौतियों पर चर्चा की।
कार्यक्रम में कुमाऊं विश्वविद्यालय से सहायक नोडल अधिकारी जगमोहन मेहरा तथा भीमताल परिसर के प्रो. अमित जोशी, प्रो. कुमुद उपाध्याय, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. ऋषेंद्र कुमार, डॉ. मंजू तिवारी और डॉ. रागिनी पन्त सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

