दो अंतरराज्यीय शराब तस्कर गिरफ्तार,कार से 204 बोतल अवैध शराब बरामद
मीरजापुर, 19 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में थाना पड़री व एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को सघन चेकिंग के दौरान 204 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त कार को भी सीज कर दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में पड़री थाना पुलिस ने ग्राम सिन्धोरा, सागर सेमर मार्ग पर चेकिंग के दौरान ब्रेजा कार संख्या बीआर 01 एफसी 5180 को रोककर तलाशी ली। इस दौरान कार में छुपा कर रखी गई अलग अलग ब्रांड की कुल 204 बोतल (प्रत्येक 750 एमएल) बरामद हुई। मौके से बिहार के वैशाली जनपद निवासी रणधीर कुमार व आशुतोष कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपितों ने हरियाणा से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दाम पर बेचने की बात कबूल की।
थानाध्यक्ष पड़री प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि कार समेत गिरफ्तार दो आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया। वाहन को एमवी एक्ट के तहत सीज करते हुए जब्ती की कार्रवाई की जा रही है।

