किसान दिवस में उठे बीमा, मुआवजा और सड़क-पुल के मुद्दे
मीरजापुर, 18 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के विकास भवन के ऑडिटोरियम में बुधवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित हुआ। शुरुआत में उप कृषि निदेशक ने पिछली बैठक की कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं।
पहाड़ी ब्लॉक के किसान शारदा प्रसाद मिश्र ने असमय बारिश से खराब फसलों का बीमा क्लेम अब तक न मिलने की शिकायत की। नरायनपुर के कंचन सिंह फौजी ने चुनार तहसील के कई गांवों में रेलवे अधिग्रहण के बाद पुनर्वास और मुआवजे का भुगतान लंबित होने का मुद्दा उठाया। रेशू पटेल ने बगहीं-जलालपुर माफी मार्ग के बाढ़ में क्षतिग्रस्त होने से आवागमन बाधित होने की जानकारी दी।
नियामतपुर के दौलत सिंह ने जरगो जलाशय क्षेत्र में नए पुल निर्माण की मांग की, जबकि अनिल सिंह ने जिवनाथपुर रेलवे ओवरब्रिज पर जमी मिट्टी हटाने की आवश्यकता बताई। राममहाल सिंह ने नीबी माइनर की सिंचाई नाली को पक्का कराने का प्रस्ताव रखा। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

