UP

महाशिवरात्रि के दूसरे दिन भी श्री काशी विश्वनाथ दरबार में श्रद्धालुओं का सैलाब

वाराणसी,16 फरवरी । महाशिवरात्रि पर्व के दूसरे दिन सोमवार को भी श्री काशी विश्वनाथ दरबार में दर्शन पूजन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। महापर्व पर अनवरत 45 घंटे मंदिर का पट शिवभक्तों के लिए खुला रहा। दरबार में चारों प्रहर की आरती में शामिल होने के लिए श्रद्धालु धाम परिसर से लेकर बांसफाटक तक कतारबद्ध रहे। महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर के छह द्वारों से मुख्य मंदिर में प्रवेश कराया गया। महाशिवरात्रि पर्व पर धाम में मंगला आरती के बाद श्रद्धालुओं के दर्शन का अनवरत सिलसिला शुरू हुआ। मंदिर न्यास के अनुसार महाशिवरात्रि पर्व पर रात 10.30 बजे तक 06 लाख 09 हजार 554 श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन कर लिया। सोमवार भोर तक आठ लाख से अधिक श्रद्धालुओं के दर्शन पूजन का अनुमान है। माना जा रहा है कि इस बार पिछले महाशिवरात्रि पर्व की तुलना में कम श्रद्धालु आए। पिछले वर्ष 2025 में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में 45 घंटे में ही 12 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। इसका बड़ा कारण महाकुंभ का पलट प्रवाह भी रहा।

महापर्व पर इस बार भी सुरक्षा व्यवस्था के अभेद्य किलेबन्दी के बीच मंदिर के गर्भगृह के बाहर बने पात्र से श्रद्धा अनुराग की अखंड जलधार बेलपत्र मदार धतुरा दुग्ध जल ज्योर्तिलिंग पर बहती रही। आधी रात के बाद से ही पूरा मंदिर परिक्षेत्र हर-हर महादेव, हर-हर, बम-बम के गगनभेदी उद्घोष से गुंजायमान रहा। यही, हाल जिले और शहर के प्रमुख शिवमंदिरों से लेकर छोटे— बड़ें शिवालयों का रहा। पूरे जिले में कंकर कंकर शंकर का नजारा महापर्व पर दिखा।