MP

जबलपुर लोकायुक्त द्वारा एसडीएम के रीडर को 5 हजार रिश्वत लेते किया ट्रैप

जबलपुर, 18 फ़रवरी । लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने खसरे की त्रुटि सुधरवाने के नाम पर 10 हजार रुपए की डिमांड कर रहे एसडीएम के रीडर को रंगे हाथों गिरफ्तार है। पीड़ित मंडला जिले के निवास तहसील के गेंदलाल सरवटे ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजू लता पटले को लिखित शिकायत देते हुए बताया था कि उसकी कृषि भूमि के खसरे में पिता का नाम त्रुटिवश मूल चंद के स्थान पर फूलचंद दर्ज है। खसरे में उक्त नाम सुधार करवाने के एवज में आरोपी काशीराम मरावी, सहायक ग्रेड-3(रीडर) कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व द्वारा 10 हजार रु रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत सत्यापन के बाद लोकायुक्त एसपी ने एक टीम गठित की ।

बुधवार को निर्धारित समय पर आरोपी ने जैसे ही रिश्वत लेना चाहा टीम ने रीडर को 5 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन)2018 की धारा-7,13(1)B, 13(2) के अंतर्गत कार्यवाही की जा रही है। ट्रेप दल में निरीक्षक शशिकला मस्कुले,निरीक्षक जितेन्द्र यादव,उप निरीक्षक शिशिर पांडेय एवम् लोकायुक्त जबलपुर का दल मौजूद था।