राजस्थान में 17-18 फरवरी को बदल सकता है मौसम, जयपुर-बीकानेर में बादल और हल्की बारिश के आसार
जयपुर, 15 फ़रवरी । राजस्थान में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 17 और 18 फरवरी को प्रदेश में एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से जयपुर और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में बादल छा सकते हैं तथा कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 16 फरवरी तक प्रदेश में मौसम सामान्यतः साफ रहेगा। दिन में तेज धूप रहेगी, जबकि सुबह-शाम हल्की सर्दी का असर बना रहेगा। 17 फरवरी से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण 17 और 18 फरवरी को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
इधर, पश्चिमी राजस्थान में गर्मी ने समय से पहले दस्तक दे दी है। बाड़मेर में शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो सामान्यतः 20 फरवरी के बाद देखने को मिलता है। पिछले 24 घंटे के दौरान आसमान साफ रहा और सुबह से शाम तक तेज धूप खिली रही।
मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के अनुसार जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, चूरू, नागौर, पाली और डूंगरपुर समेत कई शहरों में दिन का तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा गया। फरवरी में ही तापमान के 30 डिग्री पार पहुंचने से लोगों को दिन में गर्मी का एहसास होने लगा है।
प्रदेश में दिन के तापमान में बढ़ोतरी के बावजूद शेखावाटी क्षेत्र में सुबह-शाम सर्दी का असर बरकरार है। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं सीकर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दो दिन बादल और हल्की बारिश के बाद तापमान में फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल प्रदेश में दिन में गर्मी और सुबह-शाम ठंड का मिला-जुला मौसम बना हुआ है।

