Haryana

पलवल में सूत के गोदाम में भीषण आग, 40 लाख का माल जला, चार घंटे बाद काबू

पलवल, 13 मार्च । पलवल शहर के भवन कुंड चौक के पास स्थित शगुन इंटरप्राइजेज के सूत के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में करीब 40 लाख रुपये का सूत जलकर राख हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को गोदाम से धुआं उठता देखा गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखे सूत के गट्ठों में तेजी से फैलने लगी। आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। गोदाम की इमारत में बेसमेंट के साथ दो मंजिलें बनी हुई थीं, जहां सूत का स्टॉक रखा हुआ था। आग तेजी से फैलते हुए बेसमेंट से लेकर ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गई, जिससे आग बुझाने में काफी मुश्किलें आईं।

आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की करीब 12 गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार चार घंटे तक कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। दोपहर बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। आग लगने की घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है, हालांकि पूरी स्थिति का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।