Himachal Pradesh

नाहन में सरकारी संस्थान बंद करने के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन

नाहन, 31 मार्च । सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में सरकारी संस्थानों को बंद किए जाने के विरोध में मंगलवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर स्कूलों, स्वास्थ्य संस्थानों और राजस्व कार्यालयों को बंद करने के फैसलों के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के माध्यम से प्रदेश के राज्यपाल को एक ज्ञापन भी भेजा।

मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए करीब साढ़े तीन साल का समय हो चुका है और इस दौरान लगातार सरकारी संस्थानों को बंद करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में भी सरकारी स्कूलों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), पटवार सर्कल, तहसील और उपतहसील जैसे संस्थानों पर ताले लगाए जा रहे हैं, जिससे लोगों को मिलने वाली जरूरी सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं।

डॉ. बिंदल ने यह भी आरोप लगाया कि नाहन विधानसभा क्षेत्र के लोगों को इन फैसलों के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि क्षेत्र के कई सरकारी संस्थान बंद होने से आम लोगों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और राजस्व से जुड़ी सेवाएं दूर होती जा रही हैं।

प्रदर्शन में शामिल स्थानीय ग्रामीणों ने भी कहा कि उनके क्षेत्रों में दशकों से चल रहे सरकारी स्कूलों को बंद किया जा रहा है। उनका कहना था कि कई गांवों में पहले ही स्कूल दूर-दूर स्थित हैं और अब पास के स्कूल बंद होने से बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ेगा और उनका भविष्य प्रभावित हो सकता है।

ग्रामीणों ने बताया कि स्कूलों के अलावा स्वास्थ्य संस्थानों और राजस्व कार्यालयों को भी बंद किए जाने से लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। इसी के विरोध में उन्होंने नाहन में प्रदर्शन कर सरकार से इन फैसलों पर पुनर्विचार करने की मांग की है।