MP

चित्रकूट के पूर्व विधायक गणेश बारी का निधन, आज राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

चित्रकूट/सतना, 29 मार्च । चित्रकूट के पूर्व विधायक गणेश बारी का शनिवार को रीवा में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे लंबे समय से किडनी, हार्ट और शुगर जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही चित्रकूट सहित पूरे सतना जिला में शोक की लहर दौड़ गई। उनका अंतिम संस्कार आज रविवार को उनके पैतृक गांव चोरेही में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।

जानकारी अनुसार तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पहले सतना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से हालत गंभीर होने पर रीवा रेफर किया गया। रीवा में 12 दिन तक इलाज चलने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। गणेश बारी बहुजन समाज पार्टी के सक्रिय और जमीनी नेता के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए दिग्गज नेताओं को हराकर विधानसभा तक का सफर तय किया। उन्होंने चुनाव में रामानंद पटेल और रामदास मिश्रा जैसे मजबूत प्रतिद्वंद्वियों को पराजित कर प्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई थी।

जनता के बीच रहे लोकप्रिय

अपने सरल स्वभाव और जनसंपर्क के लिए प्रसिद्ध बारी अक्सर ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनते थे। समर्थकों के अनुसार, वे हमेशा आमजन के मुद्दों को प्राथमिकता देते थे और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहे।

राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक

उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। कई जनप्रतिनिधियों ने इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

1993 में बने थे विधायक

गणेश बारी वर्ष 1993 में चित्रकूट विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए थे। उन्होंने बसपा के टिकट पर चुनाव जीतते हुए जनता दल के प्रत्याशी को हराया था। उस चुनाव में जनता दल के उम्मीदवार को 13,488 और भाजपा प्रत्याशी को 13,480 वोट मिले थे, जिससे उनकी जीत चर्चा का विषय बनी थी।