काली माता मंदिर में 169वां सफाई अभियान, श्रद्धालुओं को दिया स्वच्छता का संदेश
औरैया, 22 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया में समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति द्वारा स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पिछले 11 वर्षों से निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर रविवार प्रातः 7 बजे समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में जेसीज चौराहा के समीप स्थित काली माता मंदिर एवं श्रीमद् भागवत कथा प्रांगण में 169वां सफाई अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान सफाई यंत्रों की सहायता से परिसर में फैली प्लास्टिक, पॉलिथीन, फूल-पत्तियां व अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्रित कर नष्ट किया गया। साथ ही मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं से परिसर को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई।
नगर पालिका परिषद, औरैया के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर एवं समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता (एडवोकेट) ने बताया कि काली माता मंदिर में शहर व दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति हेतु आते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से न केवल वातावरण शुद्ध रहता है, बल्कि लोगों का मन भी प्रसन्न रहता है।
उन्होंने यह भी बताया कि यह अभियान श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया गया है तथा भविष्य में भी प्रमुख धार्मिक पर्वों पर ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
अभियान में प्रमुख रूप से तेज बहादुर वर्मा, पंकज मिश्रा, विवेक गुप्ता, डॉ. एल.एन. गुप्ता, शिवकुमार पुरवार, संतोष कुशवाहा, अनिल गुप्ता, सुधीर कुमार, हरगोविंद तिवारी, हिमांशु दुबे, आशुतोष पोरवाल सहित अन्य सेवादार उपस्थित रहे।

