Rajasthan

नगरीय विकास कर बकाया होने पर निगम ने की छह संपत्तियां कुर्क

जयपुर, 10 मार्च । नगर निगम जयपुर ने नगरीय विकास कर बकाया को लेकर विद्याधर नगर जोन में मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए छह संपत्तियों को कुर्क किया। कार्रवाई के दौरान तीन बकायेदारों ने मौके पर ही 9 लाख 2 हजार 150 रुपये जमा करवा दिए, जबकि तीन संपत्तियों को सीज कर दिया गया।

निगम आयुक्त गौरव सैनी के निर्देश पर उपायुक्त करणी सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। उपायुक्त ने बताया कि नगरीय विकास कर बकाया होने पर छह संपत्तियों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान तीन संपत्ति धारकों ने राज्य सरकार द्वारा ब्याज और पेनल्टी में दी जा रही छूट का लाभ उठाते हुए बकाया राशि जमा करवाई। वहीं शेष तीन संपत्तियों को निगम की ओर से सीज कर दिया गया। निगम प्रशासन ने बकायेदारों से समय पर कर जमा कराने की अपील की है।