MP

दमोह में इंटरनेशनल ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार, 30 लाख से अधिक का सामान जब्त

दमाेह, 21 मार्च । मध्य प्रदेश के दमाेह जिले में साइबर सेल और दमोह देहात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित ऑनलाइन गेमिंग सट्टा रैकेट का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में अधिकारियों ने बताया कि आरोपी शहर में किराए के मकान से WINBUZZ नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा संचालन कर रहे थे। गिरोह फर्जी सिम कार्ड और विभिन्न बैंक खातों का उपयोग कर पैसों का लेन-देन करता था, ताकि अपनी पहचान छिपा सके।

साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान 26 एंड्रॉयड मोबाइल, 20 सिम कार्ड, 2 लैपटॉप, ब्रॉडबैंड राउटर, चार्जर, बैंक संबंधी दस्तावेज, एक स्कॉर्पियो वाहन और नगदी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 30 लाख 26 हजार रुपये बताई गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत कुमार भदौरिया ने शनिवार को बताया कि ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर सट्टेबाजी का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की अपील की, साथ ही अभिभावकों से बच्चों पर विशेष नजर रखने को कहा।

पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई में साइबर सेल और स्थानीय पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी अधिकारियों ने सराहना की। प्रेस वार्ता के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे भी उपस्थित रहे।