Haryana

कैथल: उपायुक्त अपराजिता ने पूंडरी में निर्माणाधीन तहसील कार्यालय का किया निरीक्षण

कैथल, 26 मार्च । उपायुक्त अपराजिता ने गुरुवार को ब्लॉक पूंडरी में निर्माणाधीन तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व निर्माण एजेंसी को कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। एजेंसी प्रतिनिधियों ने डीसी को आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने भवन में बन रहे कमरों, कोर्ट रूम, सीएससी सेंटर, कॉमन रूम और पटवार भवन का एक-एक कर अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इस तहसील कार्यालय के निर्माण से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा और राजस्व विभाग से जुड़े कार्यों के लिए लोगों को भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित तहसील कार्यालय से अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर व सुव्यवस्थित कार्य वातावरण मिलेगा, जिससे विभागीय कार्यों में गति आएगी और कार्य निष्पादन में किसी प्रकार की बाधा नहीं होगी। डीसी अपराजिता ने प्रथम तल पर बन रहे तहसीलदार व नायब तहसीलदार कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि भवन में राजस्व रिकॉर्ड के सुरक्षित रख-रखाव के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा डीसी ने तहसील कार्यालय में लिफ्ट, सर्वर रूम, डाटा सेंटर, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) रूम और शौचालयों की व्यवस्था की भी नक्शे के माध्यम से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।