Rajasthan

आईजी सिंह धौलपुर पहुंचे,पुलिस के कामकाज का लिया जायजा

धौलपुर, 14 मार्च । उप महानिरीक्षक सुरक्षा राजस्थान अजय सिंह दो दिवसीय दौरे पर धौलपुर पहुंचे। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान सिंह धौलपुर जिला पुलिस का वार्षिक निरीक्षण करेंगे। वार्षिक निरीक्षण के पहले चरण में शनिवार सुबह पुलिस लाइन धौलपुर में उप महानिरीक्षक अजय सिंह ने परेड का निरीक्षण कर सेरेमोनियल परेड की सलामी ली। सेरेमोनियल परेड का नेतृत्व जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान द्वारा किया गया। परेड के बाद पीटी आदि का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों द्वारा क्राइम सीन का डेमो दिया गया। बदली हुई परिस्थितियों में पुलिस द्वारा लगाई जाने वाली नाकाबंदी का डेमो एवं बलवा के समय पुलिस द्वारा नियंत्रण का भी डेमो दिया गया।

आईजी सिंह ने विभिन्न मौकों पर होने वाली पुलिस कार्य प्रणाली का निरीक्षण किया। इसके पश्चात आज ही पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों व जवानों के साथ सम्पर्क सभा हुई, जिसमें उन्होंने पुलिस के कार्मिकों को कर्तव्य पालन एवं पूरी निष्ठा के साथ में कार्य संपादन के निर्देश दिए। जिले के पुलिस महकमे के सालाना निरीक्षण के दौरान अपराध गोष्ठी में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा होगी। इसके साथ ही एसपी कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों तथा पुलिस थानों का भी निरीक्षण किया जाएगा। इस मौके पर जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान तथा अपर पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।