Delhi

कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग का शार्प शूटर गिरफ्तार

नई दिल्ली, 14 मार्च । द्वारका जिले की स्पेशल स्टाफ ने कुख्यात कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के एक शार्प शूटर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान 26 वर्षीय लकी उर्फ भवानी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले का रहने वाला है।

द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने शनिवार काे बताया कि आरोपित लकी मुकदमों की सुनवाई से लगातार फरार चल रहा था। द्वारका कोर्ट ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करते हुए उसे भगोड़ा घोषित किया था। लकी एक आदतन अपराधी है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि पवन सहरावत के जरिए वह नंदू गैंग के संपर्क में आया। साल 2021 में कपिल सांगवान के इशारे पर ही उसने दिल्ली के उजवा गांव में विरोधी गुट के मनोज की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके अलावा, उसने बिजवासन इलाके में रंगदारी वसूलने के लिए गोलीबारी की थी और पकड़ने गई पुलिस टीम पर भी गोलियां चलाई थीं। उसके खिलाफ दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में हत्या, हत्या के प्रयास और लूट के कुल आठ संगीन मामले दर्ज हैं।

जेल से छूटते ही फिर बना रहा था गैंग से संपर्क

पुलिस के अनुसार, दिसंबर 2025 में राजस्थान की जयपुर जेल से बाहर आने के बाद लकी ने पैसों के लिए फिर से गैंग का रुख किया। वह अपने साथी धर्मेंद्र राणा से मिलने अंबाला जेल भी गया और कपिल सांगवान से दोबारा संपर्क साधने की कोशिश कर रहा था। लेकिन टीम को 11 मार्च को उसके गांव में छिपे होने की खुफिया जानकारी मिली। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने हरियाणा पुलिस के साथ समन्वय कर गांव में छापेमारी की और उसे रंगे हाथ धर दबोचा। आरोपित को कोर्ट में पेश करने के बाद वापस जेल भेज दिया गया है।