Rajasthan

ट्राई अधिकारी बताकर ठग आमजन को बना रह है अपना शिकार

जयपुर, 05 मार्च । राजस्थान में बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम कसने के लिए राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम विंग ने एक विशेष एडवाइजरी जारी की है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस वीके सिंह ने बताया कि आजकल जालसाज खुद को ट्राई(भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण) या अन्य जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर आमजन को अपना शिकार बना रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक साइबर सेल पुलिस मुख्यालय शांतनु कुमार सिंह ने बताया कि साइबर अपराधी मनोवैज्ञानिक दबाव बनाकर लोगों को ठगने के लिए मुख्य रूप से इन चार तरीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

सिंह ने बताया कि अपराधी खुद को सीबीआई, पुलिस, कस्टम या ईडी का अधिकारी बताते हैं। वे दावा करते हैं कि आपके आधार कार्ड या मोबाइल नंबर का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग या ड्रग तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में हुआ है। आपको वीडियो कॉल पर बंधक (डिजिटल अरेस्ट) जैसा माहौल बनाकर डराया जाता है और केस रफा-दफा करने के नाम पर मोटी रकम ट्रांसफर करवा ली जाती है।

सिंह ने बताया कि आपके पास मैसेज आता है कि अगले 2 घंटे में आपकी सिम बंद हो जाएगी। केवाईसी अपडेट करने के बहाने अपराधी आपसे फर्जी ऐप डाउनलोड करवाते हैं या लिंक पर क्लिक करवाते हैं। इससे आपका सिम स्वैप हो जाता है और अपराधी कॉल और एसएमएस फॉरवर्डिंग के जरिए आपके बैंकिंग ओटीपी हासिल कर लेते हैं।

ग्रामीण और उपनगरीय क्षेत्रों में यह स्कैम तेजी से फैल रहा है। ठग आपकी जमीन पर टावर लगाने के बदले 20 हजार से 50 हजार मासिक किराया और लाखों रुपये एडवांस देने का लालच देते हैं। इसके बाद एग्रीमेंट फीस या रजिस्ट्रेशन के नाम पर आपसे पैसे ऐंठ लिए जाते हैं।

अपराधी ट्राई, सीबीआई या दूरसंचार विभाग के फर्जी लोगो और लेटर हेड का उपयोग कर ईमेल या पत्र भेजते हैं। इसमें कानूनी कार्रवाई की धमकी दी जाती है ताकि डर के मारे व्यक्ति उनकी मांगों को मान ले।

ट्राई कभी भी किसी व्यक्ति को वीडियो कॉल पर पूछताछ के लिए नहीं जोड़ता और न ही डिजिटल अरेस्ट करता है।

सिंह ने बताया कि यदि कोई खुद को सरकारी अधिकारी बताकर डराए, तो तुरंत फोन काट दें। अपनी व्यक्तिगत जानकारी,बैंक विवरण या ओटीपी कभी भी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। टावर इंस्टालेशन से जुड़ी किसी भी जानकारी की पुष्टि दूरसंचार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर करें।

यदि आप या आपके आसपास कोई भी व्यक्ति इस तरह की ठगी का शिकार होता है, तो बिना देर किए सूचना हेल्पलाइन 1930, विशेष हेल्पडेस्क 9256001930 / 9257510100, ऑनलाइन पोर्टल सहित नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर पुलिस स्टेशन पर दे।