Rajasthan

हनुमानगढ़ जंक्शन पर गांधी नगर एफओबी निर्माण में विरोध से बाधा

बीकानेर, 11 मार्च । भारतीय रेल के बीकानेर रेल मंडल अंतर्गत हनुमानगढ़ जंक्शन को गांधी नगर क्षेत्र से जोड़ने के लिए फुटओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। यह कार्य नगर परिषद हनुमानगढ़ की मांग पर डिपोजिट स्कीम के तहत स्वीकृत किया गया था।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक भूपेश यादव ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान यह सामने आया कि नगर परिषद से प्राप्त स्वीकृत डिपोजिट राशि परियोजना के लिए पर्याप्त नहीं है, जिससे वित्तीय कमी की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके बावजूद रेलवे ने जनहित और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपने संसाधनों से करीब 1.72 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि का अनुमान स्वीकृत करवाया, ताकि गांधी नगर एफओबी का निर्माण कार्य पूरा किया जा सके।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में एफओबी का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और केवल गांधी नगर साइड की सीढ़ियों (लेग) से जुड़े कुछ कार्य शेष हैं। हालांकि स्थानीय स्तर पर हो रहे विरोध और अवरोधों के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे परियोजना में देरी के साथ कानून-व्यवस्था और रेलवे सुरक्षा से जुड़े सवाल भी खड़े हो रहे हैं। स्थिति को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, बीकानेर के वरिष्ठ मंडल अभियंता (उत्तर) ने हनुमानगढ़ जिला प्रशासन को पत्र लिखकर नगर परिषद और पुलिस प्रशासन से आवश्यक सहयोग तथा सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, ताकि स्वीकृत ड्राइंग के अनुसार निर्माण कार्य बिना बाधा पूरा किया जा सके।

रेलवे विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि स्थानीय विरोध के कारण कार्य पूरा नहीं हो पाता है, तो मजबूरन एफओबी को वर्तमान स्थिति में ही छोड़ने पर भी विचार किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में भविष्य में होने वाली किसी भी असुविधा या अप्रिय घटना के लिए रेलवे जिम्मेदार नहीं होगा।

रेलवे ने आमजन से अपील की है कि इस जनहित परियोजना को शीघ्र पूरा कराने में सहयोग करें, ताकि गांधी नगर एफओबी का निर्माण जल्द पूर्ण कर इसे जनता को समर्पित किया जा सके।