MP

जबलपुर: महाराजपुर में अवैध गैस सिलेंडर का जखीरा पकड़ा, 46 सिलेंडर जब्त, आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर, 13 मार्च । जबलपुर शहर के महाराजपुर क्षेत्र में अवैध गैस सिलेंडर के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को एक रिहायशी मकान पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में सिलेंडर जब्त किए हैं। संयुक्त कार्रवाई में राजस्व विभाग, खाद्य विभाग और पुलिस की टीम ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नायब तहसीलदार नीलू बागड़ी और सहायक खाद्य अधिकारी राजधर साकेत के नेतृत्व में टीम ने सटीक सूचना के आधार पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी प्रदीप साहू के कब्जे से कुल 46 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। जब्त सिलेंडरों में 8 भरे हुए घरेलू सिलेंडर,32 खाली सिलेंडर और 4 कमर्शियल सिलेंडर शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह सिलेंडर एक रिहायशी मकान में अवैध रूप से जमा कर रखे गए थे। सघन आबादी वाले क्षेत्र में इतनी बड़ी संख्या में गैस सिलेंडरों का भंडारण किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। प्रशासन की इस कार्रवाई से संभावित खतरे को समय रहते टाल दिया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम को इस अवैध कारोबार की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। आरोपी नियमों की अनदेखी कर गैस सिलेंडरों का अवैध संग्रह और कारोबार कर रहा था। उन्होंने बताया कि जब्त किए गए सिलेंडरों को प्रशासन ने अपने कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।