सड़क हादसे में दादा-पोते की मौत, परिवार के पांच सदस्य घायल
टोंक, 23 मार्च । जिले के अलीगढ़ थाना क्षेत्र के पचाला गांव के एक ही परिवार पर उस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में दादा और पोते की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, पचाला निवासी धारा सिंह मीणा अपने परिवार के साथ बूंदी जिले के लाखेरी कस्बे के पास डडवाड़ा गांव में एक रिश्तेदार की शादी में भात लेकर गए थे। शादी समारोह संपन्न होने के बाद देर रात वे अपने परिवार के कुल आठ सदस्यों के साथ एर्टिगा कार से वापस गांव लौट रहे थे। देर रात करीब दो बजे जब उनकी कार सवाई माधोपुर जिले के रवाजना डूंगर थाना क्षेत्र से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पहुंची, तभी अचानक कार अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार में चल रही कार सड़क किनारे पड़े मिट्टी के ढेर से टकरा गई और पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही 60 वर्षीय रामफूल मीणा और उनके 16 वर्षीय पौत्र आकाश की मौत हो गई।
हादसे में कार सवार अन्य पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में चालक धारा सिंह मीणा (40) की पत्नी कमलेश (35) और उनके रिश्तेदार रामफूल (70) की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जयपुर रेफर कर दिया गया। वहीं धारा सिंह की बेटियां पायल (18) और पलक (14) तथा बेटा अजय (11) भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज सवाई माधोपुर अस्पताल में जारी है।
गौरतलब है कि हादसे के दौरान कार के एयरबैग खुलने से चालक धारा सिंह मीणा की जान बच गई, अन्यथा हादसा और भी गंभीर हो सकता था। अलीगढ़ थाने के एएसआई बाबूलाल के अनुसार मृतक और घायल सभी एक ही परिवार के पचाला गांव निवासी हैं, लेकिन घटना स्थल सवाई माधोपुर जिले के रवाजना डूंगर थाना क्षेत्र में होने के कारण मामले की जांच और कार्रवाई वहीं की पुलिस द्वारा की जा रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

