Himachal Pradesh

हिमाचल में तूफान-बिजली और ओलावृष्टि का अलर्ट, 15 तक खराब रहेगा मौसम

शिमला, 11 मार्च । हिमाचल प्रदेश में मौसम के तेवर बदलेंगे और मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में तूफान, बिजली गिरने और तेज़ हवाओं का अलर्ट जारी किया है। वहीं कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है। विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं और अलग-अलग जगहों पर गरज-चमक के साथ मौसम अचानक बिगड़ सकता है।

बुधवार को प्रदेश में मौसम मिला-जुला रहा, जहां कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए रहे तो कई जगह धूप खिली रही और मौसम साफ रहा।

प्रदेश में पिछले लंबे समय से बादल नहीं बरसे हैं और कई इलाकों में लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण सूखे जैसी स्थिति महसूस की जा रही है। इस बार सर्दियों के मौसम में भी प्रदेश में सामान्य से कम बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

तापमान की बात करें तो कई पहाड़ी इलाकों में पारा अपेक्षाकृत कम दर्ज किया गया। केलांग में करीब 4.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि कुकुमसेरी में 4.6 डिग्री और कल्पा में करीब 5.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। ताबो में पारा 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे कम तापमान वाले स्थानों में रहा।

राजधानी शिमला में तापमान करीब 13.6 डिग्री, धर्मशाला में 12.8 डिग्री, मनाली में 11.2 डिग्री और सोलन में करीब 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सराहन में तापमान 9.3 डिग्री और कुफरी में करीब 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं निचले और मैदानी इलाकों में तापमान थोड़ा ज्यादा रहा, जहां ऊना में करीब 14 डिग्री, मंडी में 15.9 डिग्री, बिलासपुर में 16 डिग्री, पालमपुर में 16 डिग्री और कांगड़ा में 17.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पांवटा साहिब और देहरा गोपीपुर में तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि नेरी में लगभग 19.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज 11 और कल 12 मार्च को प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। 13 मार्च को मौसम अपेक्षाकृत शांत रहने का अनुमान है और किसी बड़ी चेतावनी की संभावना नहीं जताई गई है। इसके बाद 14 और 15 मार्च को एक बार फिर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ मौसम बिगड़ सकता है। 16 और 17 मार्च को फिलहाल कोई बड़ी चेतावनी जारी नहीं की गई है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की मौसम गतिविधि से इनकार नहीं किया गया है।