नेपाल में दो भारतीय पर्यटक नदी में डूबे, खोज अभियान जारी
काठमांडू, 22 मार्च । नेपाल में दो भारतीय पर्यटक रविवार दोपहर तिनाउ नदी के दोभान बांध स्थल के हेडबॉक्स के पास डूबने के बाद लापता हो गए हैं। दोनों की पहचान अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है।
जिला पुलिस कार्यालय, पाल्पा के सूचना अधिकारी होम प्रकाश चौधरी के अनुसार, ये दोनों व्यक्ति पांच सदस्यीय समूह का हिस्सा थे जो घूमने के लिए उस क्षेत्र में गए थे। वे बांध के पास तैराकी करते समय लापता हो गए।
सूचना मिलने के बाद स्थानीय निवासियों, सशस्त्र पुलिस बल और दोभान पुलिस चौकी के जवानों द्वारा संयुक्त खोज अभियान शुरू किया गया।
पुलिस अधीक्षक दीपेन्द्र पंजियार थारू और सहायक प्रमुख जिला अधिकारी ऋषिराम घिमिरे सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच कर बचाव कार्य का समन्वय कर रहे हैं और स्थिति का आकलन कर रहे हैं।

