Rajasthan

बीकानेर में चैत्र नवरात्रि पर 11 दिवसीय विराट कथा-यज्ञ, 14 भव्य मंदिर होंगे आकर्षण

बीकानेर, 12 मार्च । बीकानेर में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर 19 से 29 मार्च तक अग्रवाल भवन, गंगाशहर मार्ग पर 11 दिवसीय विराट कथा-यज्ञ महोत्सव आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन कृष्णगिरि स्थित श्री पार्श्व पद्मावती शक्तिपीठ तीर्थ धाम के पीठाधीश्वर वसंत विजयानंद गिरी के सान्निध्य में संपन्न होगा।

आयोजन की जानकारी देते हुए ट्रस्टी संकेश जैन ने बताया कि 11 दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में सुबह से देर रात तक विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक पायरेट कुबेर लक्ष्मी यंत्र एवं 1008 जीबू कॉइन साधना शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में साधक भाग लेंगे।

अनुष्ठान स्थल पर 35 से 45 फीट ऊंचे 14 भव्य अस्थायी मंदिरों का निर्माण किया जाएगा। इनमें गणपति, भैरव, शिव-पार्वती, लक्ष्मीनारायण, पद्मावती, धनदेश्वरी, दुर्गा, सिद्धिदात्री, महागौरी, करणी माता, ललिता महात्रिपुर सुंदरी, सरस्वती, श्रीराम परिवार और हनुमान मंदिर प्रमुख आकर्षण होंगे।

कार्यक्रम के दौरान काशी के विद्वान पंडितों के मंत्रोच्चार के साथ प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक नौ कुंडीय विराट यज्ञ आयोजित होगा, जिसमें बड़ी मात्रा में समिधा, मेवा, देशी घी और चंदन की आहुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही 500 दिव्य समृद्धि कलश स्थापित कर विशेष यज्ञ-पूजा भी की जाएगी। प्रत्येक दिन रात 8 बजे से देवी भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। वहीं शाम 5 से रात 9 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी और रात्रि में भजन संध्या में ख्यातिप्राप्त कलाकार प्रस्तुति देंगे।

आयोजन को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में कुनाल कोचर, मनोज पूगलिया, सुरेंद्र कोचर, तरुण पूगलिया और श्रीपाल नाहटा सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।