जेल में हुई इफ्तार पार्टी, सोशल मीडिया पर फोटो वायरल
जोधपुर, 15 मार्च । केंंद्रीय कारागृह एक बार फिर चर्चा में हैं। सेंट्रल जेल में हैड क्वार्टर के निर्देशों पर इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया था, लेकिन इस पार्टी में हुए आयोजन के फोटो किसी कैदी ने मोबाइल के जरिए सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इसका पता लगने के बाद जेल अधीक्षक प्रदीप लखावत के नेतृत्व में टीम ने शनिवार देर रात तलाशी अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान कुल 13 मोबाइल बरामद किए गए। जिसमें से 11 मोबाइल अलग अलग जगहों पर छिपाए गए थे, जबकि 2 मोबाइल बंदियों के पास से मिले। इसके अलावा 11 सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। जेल प्रशासन ने रातानाडा थाने में दो मामले दर्ज कराए हैं।
जेल सूत्रों के मुताबिक 13 मार्च को क्वार्टर के निर्देशों पर इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया था। इस पार्टी में जेल के कैदियों को शामिल किया गया था। बताया जा रहा है कि किसी कैदी ने इस पार्टी से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिए। इस फोटो के आधार पर जेल में बंदियों को चिन्हित कर तलाशी ली गई तो बंदियों के पास से मोबाइल और सिम कार्ड बरामद किए गए। जेल में कैदियों ने हंगामा भी किया।
जेल सुपरिंटेंडेंट प्रदीप लखावत के नेतृत्व में टीम ने शनिवार देर रात वार्ड 7 की बैरक संख्या 3 में आधुनिक मशीन के जरिए तलाशी ली। यहां से 7 एंड्रॉयड मोबाइल, 4 कीपैड फोन और 11 सिम कार्ड बरामद किए गए। ये मोबाइल अलग-अलग स्थान पर छिपाए गए थे। इन मोबाइल को जेल के शौचालय, फर्श ओर नालियों में अलग अलग जगहों पर छिपाया गया था।
इनके पास मिले मोबाइल
जानकारी के मुताबिक जेल के कैदी वसीम खान, वहिद खान, शेखर, सुभाष और करीम ने सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर शेयर की। सेल्फी लेने वाला कैदी सलीम वार्ड दस की बैरक संख्या 2 के बंदी नरपत पुत्र चौथाराम से लेकर आया था। टीम ने जब उसकी बैरक में तलाशी ली तो कैदी नरपत के बिस्तर से एक मिनी कीपैड मोबाइल बिना सिमकार्ड के बरामद किया गया।
वहीं बंदी करीम पुत्र सलीम की ओर से यूज किए गए रेडमी कंपनी का एक एंड्राइड मोबाइल भी बरामद किया गया। इसके बाद टीम ने जेल की बैरक में और तलाशी ली तो अलग-अलग जगह पर छुपाए गए 11 और मोबाइल फोन व सिम कार्ड बरामद हुए। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर जेल प्रशासन जांच कर रहा है।
मोबाइल कॉल की पड़ताल
रातानाडा थानाधिकारी दिनेश लखावत ने बताया कि दो मामले जेल की ओर से दर्ज कराए गए हैं। इनमें बैरक नंबर सात में 11 मोबाइल व एक अन्य जगह से दो मोबाइल तलाशी में बरामद होना बताया गया। इसकी जांच की जा रही हैं। आला अधिकारियों के निर्देश पर जो मोबाइल व सिम मिले हैं, उनसे हुए कॉल की पड़ताल की जा रही है। जेल से किन किन लोगों को कॉल गए, इसकी जानकारी जुटाई जा रही हैं।

