Delhi

जनकपुरी सीवर हादसा में फरार कॉन्ट्रैक्टर उदयपुर से गिरफ्तार

नई दिल्ली, 10 मार्च । पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड के खुले सीवर गड्ढे में गिरकर युवक की मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य फरार आरोपित कॉन्ट्रैक्टर हिमांशु गुप्ता को राजस्थान के उदयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। उसे दिल्ली लाया जा रहा है। दिल्ली में उससे पूछताछ की जाएगी।

दरअसल, 06 फरवरी की रात जनकपुरी क्षेत्र में दिल्ली जल बोर्ड का करीब 20 फीट गहरा सीवर गड्ढा खुला छोड़ दिया गया था। इसी दौरान बाइक सवार 25 वर्षीय कमल ध्यानी वहां से गुजर रहे थे। अंधेरे और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण उनकी बाइक अचानक खुले गड्ढे में गिर गई। हादसे में कमल गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश दिखा। तब पुलिस ने लापरवाही के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान सामने आया कि सीवर के निर्माण और मरम्मत का काम एक निजी कॉन्ट्रैक्टर को दिया गया था, जिसने सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया और गड्ढे को खुला छोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद से ही मुख्य कॉन्ट्रैक्टर हिमांशु गुप्ता भूमिगत हो गया। उसकी तलाश के लिए पश्चिमी जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वायड की टीम को लगाया गया। तकनीकी निगरानी और लगातार छापेमारी के बाद पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित राजस्थान के उदयपुर में छुपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने उदयपुर पहुंचकर मंगलवार सुबह उसे दबोच लिया। आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया जा रहा है।