बैजनाथ में 702 ग्राम चरस सहित दो युवक गिरफ्तार
धर्मशाला, 21 मार्च । जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ जारी विशेष अभियान के अन्तर्गत बैजनाथ पुलिस की विशेष टीम द्वारा गश्त के दौरान दो युवकों से 702 ग्राम चरस बरामद की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की गई है। पकड़े गए आरोपियों में अंशुल कुमार पुत्र कर्म सिंह निवासी गांव पनीरु डाककर पन्डोल (बाग) मैंझा तहसील लडभडोल जिला मण्डी आयु 27 वर्ष व साहिल पुत्र सरवण कुमार निवासी गांव सलियाणा डाकघर गदियाडा तहसील पालमपुर जिला कांगड़ा आयु 20 वर्ष शामिल हैं। उपरोक्त दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया तथा इनके विरुद्ध पुलिस थाना बैजनाथ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्यवाही नियमानुसार प्रगति पर है।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि बैजनाथ पुलिस की विशेष टीम गश्त पर थी तो मण्डी-पठानकोट सड़क के साइड में एक अल्टो कार नम्बर HP29सी-9655 खडी थी, जिसमें दो युवक बैठे हुए थे। पुलिस टीम ने जब उनकी गाड़ी की तलाशी ली तो बड़ी वहां से 702 ग्राम चरस बरामद हुई जिसे वह बेचने की फिराक में थे। पुलिस की टीम द्वारा नियमानुसार त्वरित कार्यवाही करते हुए उक्त दोनों आरोपियों को धर दबोचा और उनके खिलाफ बैजनाथ थाना में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की गई है।

