सीबीएसई सब-कैडर–2026 स्क्रीनिंग टेस्ट : आवेदन शुल्क जमा करने व ऑनलाइन आवेदन अब 13 मार्च तक
धर्मशाला, 10 मार्च । सीबीएसई सब कैडर-2026 के लिए डेपुटेशन पर स्क्रीनिंग टेस्ट हेतु ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 13 मार्च तक बढ़ा दी है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि बोर्ड के संज्ञान में यह आया है कि आवेदन करने वाले कुछ अभ्यर्थी निर्धारित समयावधि के भीतर निर्धारित आवेदन शुल्क जमा नहीं कर पाए, जिसके कारण उनके आवेदन निरस्त होने की स्थिति में हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों से कुछ अभ्यर्थी तकनीकी अथवा नेटवर्क संबंधी समस्याओं के कारण निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन भी नहीं कर सके।
उन्होंने कहा कि उपरोक्त परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड द्वारा ऐसे अभ्यर्थियों को एक अंतिम अवसर प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। इसके अंतर्गत अभ्यर्थी 13 मार्च 2026 तक शिक्षा बोर्ड के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से लंबित आवेदन शुल्क जमा कर सकते हैं, अपने आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं तथा स्क्रीनिंग टेस्ट हेतु नए सिरे से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अंतिम तिथि 13 मार्च 2026 के पश्चात किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा, इसलिए सभी अभ्यर्थियों को निर्देशित किया जाता है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपनी आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

