Rajasthan

भगवान महावीर जयंती पर होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियां जोरों पर

बीकानेर, 22 मार्च । जैन यूथ क्लब द्वारा रविवार को लेडीज विंग एवं जेंट्स विंग की संयुक्त महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी भगवान महावीर जयंती के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की तैयारियों एवं रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करना रहा।

क्लब से जुड़े शशि पुगलिया ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 29 मार्च 2026 को प्रातः 7:00 बजे से सायं 7:00 बजे तक नवकार मंत्र जाप का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसी दिन सेवा भाव को साकार करते हुए प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक रक्तदान शिविर (ब्लड डोनेशन कैंप) भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक युवाओं एवं समाजबंधुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

इसके अतिरिक्त 31 मार्च 2026 को तेरापंथ भवन में प्रातः 12:15 बजे से सामूहिक एकाशना कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया, इसके साथ 29 मार्च को रात 7:30 बजे से भक्ति संध्या व 31 मार्च को सुबह 7:30 बजे से प्रभात फेरी आयोजित होगी। जिसमें समाज के सभी वर्गों को आमंत्रित किया गया है।

बैठक में यह भी तय किया गया कि महावीर जयंती के इन सभी आयोजनों का व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया, वीडियो रील्स एवं आकर्षक बैनर्स, फोन कॉल के माध्यम से किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इनसे जुड़ सकें।

बैठक के दौरान लेडीज विंग की सभी महिलाओं ने इन आयोजनों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया तथा कार्यक्रमों को सफल बनाने केे लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

क्लब से जुडी मोनिका बांठिया ने बताया कि जैन यूथ क्लब ने समस्त समाज से इन पावन आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया, जिससे भगवान महावीर के सिद्धांतों – अहिंसा, सत्य एवं सेवा – को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।