MP

वीरांगना रानी अवंती बाई का बलिदान अविस्मरणीय, उनके आदर्शों को जीवन में उतारें: मंत्री प्रहलाद पटेल

सागर, 20 मार्च । मध्य प्रदेश के पंचायत, ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि वीरांगना रानी अवंती बाई के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने मात्र 27 वर्ष की अल्पायु में अंग्रेजों के विरुद्ध युद्ध का शंखनाद किया और देश की स्वाधीनता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।

यह विचार उन्होंने शुक्रवार को सागर में रानी अवंती बाई की जन्म जयंती व पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए। उन्होंने जोर देकर कहा कि रानी अवंती बाई के आदर्शों और आचरण का अनुसरण करना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मंत्री पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि इतिहास को जानना, समझना और उसका मनन करना वर्तमान पीढ़ी के लिए अति आवश्यक है। उन्होंने लोधी समाज की गौरवशाली परंपरा की सराहना करते हुए उपस्थित जनसमुदाय को एक महत्वपूर्ण संकल्प दिलाया कि अपने परिवार की बहू और बेटियों का सदैव सम्मान करें। जो आप पर विश्वास करता है, उसकी चुनौती को स्वीकार करें और उसे दूर करने का प्रयास करें। हमेशा ईमानदार सहयोगियों का साथ दें और उनके बताए मार्ग पर चलें।

आगामी भविष्य की योजना साझा करते हुए मंत्री पटेल ने कहा कि रानी अवंती बाई की 200वीं जन्म जयंती पर लोधी समाज का एक-एक व्यक्ति कार्यक्रम में शामिल होगा। उन्होंने समाज के लोगों से इस भव्य आयोजन के लिए स्थान तय करने का आग्रह भी किया।

कार्यक्रम में बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि हमें वीरांगना के पदचिह्नों पर चलकर समाज को सशक्त बनाना चाहिए। पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी और प्रद्युम्न सिंह लोधी ने भी रानी के जीवन संघर्ष पर प्रकाश डाला।

मंत्री पटेल ने मकरोनिया स्थित रानी अवंती बाई की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।