MP

भोपालः साल की पहली नेशनल लोक अदालत शनिवार को, जिले में 60 खण्ठपीठों का गठन

भोपाल, 13 मार्च । मध्य प्रदेश के भोपाल जिले में प्रधान जिला न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में शनिवार,14 मार्च को वर्ष 2026 की प्रथम नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें कुल 1,62,077 मामले लंबित मामले रखे जाएंगे। इसके लिए जिले में 60 खण्डपीठों का गठन किया गया है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनीत अग्रवाल ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में जिला भोपाल अंतर्गत न्यायालयों में सभी प्रकार के कुल 1,62,077 मामले लंबित मामले हैं। नेशनल लोक अदालत में न्यायालय में लंबित आपराधिक शमनीय प्रकरण, धारा 138 पराक्राम्य लिखित अधिनियम, क्लेम प्रकरण, विद्युत अधिनियम, वैवाहिक विवाद सम्बंधी एवं अन्य सिविल प्रकरण सहित कुल 12,189 लंबित राजीनामा योग्य प्रकरण रखे गये हैं। विधुत अधिनियम, बैंक रिकवरी, जलकर एवं बी.एस.एन.एल. विभाग, यातायात ई-चालान से संबंधित 80,127 प्रीलिटिगेशन प्रकरण नेशनल लोक अदालत के समक्ष रखे गए हैं।

उन्होंने बताया कि नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण हेतु जिला न्यायालय भोपाल, तहसील न्यायालय बैरसिया, कुटुम्ब न्यायालय, श्रम न्यायालय, सहित कुल 60 खण्डपीठों का गठन किया गया है। इस बार विद्युत विभाग एवं नगर निगम भी पूर्व की लोक अदालतों की भांति शासन के आदेशों के अनुक्रम में लोक अदालत में छूट प्रदान करेगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव अग्रवाल ने बताया कि नेशनल लोक अदालत के माध्यम से प्रकरण का निराकरण होने से संपूर्ण कोर्ट फीस वापसी होती है। साथ ही पक्षकारों के मध्य आपसी सहमति से सौहार्दपूर्व वातावरण में प्रकरण का निराकरण होने से समय व धन की बचत भी होती है। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भोपाल एवं तहसील विधिक सेवा समिति बैरसिया से सम्पर्क किया जा सकता है।