MP

पत्रकारों को वडोदरा के ट्राइकलर हॉस्पिटल में उपचार पर मिलेगी विशेष रियायत

नागदा, 12 मार्च । एसोसिएशन ऑफ इंडियन जर्नलिस्ट (भारतीय पत्रकार संघ) के सदस्यों को अब गुजरात के वडोदरा स्थित ट्राइकलर हॉस्पिटल में विशेष स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। अस्पताल प्रबंधन और पत्रकार संघ के बीच हुए समझौते के तहत पत्रकारों एवं उनके परिवारजनों को विभिन्न चिकित्सा सेवाओं में रियायत दी जाएगी।

भारतीय पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष राशिद खान ने गुरुवार को बताया कि वडोदरा स्थित ट्राइकलर हॉस्पिटल एक आधुनिक मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल है, जहां विभिन्न बीमारियों के उपचार, जांच और ऑपरेशन की सुविधाएं उपलब्ध हैं।

समझौते के तहत पत्रकार संघ के सदस्यों को वर्ष में एक बार निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा दी जाएगी। इस जांच में बीपी मॉनिटरिंग, आरबीएस, लिपिड प्रोफाइल, ईसीजी, ईको तथा चिकित्सक परामर्श शामिल रहेगा। इसके अलावा स्वयं भुगतान करने वाले मरीजों को अस्पताल के कुल बिल पर 10 प्रतिशत तक की छूट भी प्रदान की जाएगी।

इसके साथ ही भारतीय पत्रकार संघ का पहचान पत्र दिखाने पर ओपीडी परामर्श पर 25 प्रतिशत और विभिन्न जांचों पर 20 प्रतिशत तक की रियायत मिलेगी। अस्पताल प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि पत्रकारों और उनके आश्रितों से किसी प्रकार की अग्रिम जमा राशि या प्रशासनिक शुल्क नहीं लिया जाएगा।

यह सुविधाएं पत्रकारों के माता-पिता को भी उपलब्ध होंगी। हालांकि बीमा से जुड़े मामलों में संबंधित बीमा कंपनी या टीपीए के नियम लागू रहेंगे।