नेपालः आरएसपी का राजनीतिक आधार पर नियुक्त पाने वालों से इस्तीफा देने का आग्रह
काठमांडू, 22 मार्च । राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने ताजा जनादेश में लगभग दो-तिहाई समर्थन के साथ नई सरकार गठन की प्रक्रिया से पहले पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा राजनीतिक आधार पर नियुक्त किए गए पदाधिकारियों से इस्तीफा देने का आग्रह किया है। पार्टी का मानना है कि पिछली सरकारों ने योग्यता और क्षमता के बजाय पहुंच और राजनीतिक प्रभाव के आधार पर नियुक्तियां कीं। इसके कारण नागरिक स्तर पर व्यापक असंतोष देखा गया। इसलिए इस स्थिति का समाधान आवश्यक है।
आरएसपी के महामंत्री कविन्द्र बुरलाकोटी ने कहा, “ पूर्ववर्ती सरकारों ने नियुक्तियों में योग्यता, क्षमता और विशेषज्ञता की बजाय पार्टी कार्यकर्ताओं और अपने निकट के लोगों को प्राथमिकता दी। इससे जनता में असंतोष है। यदि नई सरकार भी उन्हीं नियुक्तियों को जारी रखती है, तो यह पुरानी व्यवस्था को ही आगे बढ़ाने जैसा होगा, इसलिए हम चाहते हैं कि वे स्वयं रास्ता साफ करें।”
उन्होंने बताया कि पिछली सरकार द्वारा की गई कुल राजनीतिक नियुक्तियों का आधिकारिक विवरण पार्टी ने नहीं मांगा है, लेकिन अनौपचारिक जानकारी के अनुसार ऐसे नियुक्तियों की संख्या लगभग 1,100 के आसपास हो सकती है। पार्टी का विश्वास है कि यदि ये पदाधिकारी स्वयं पद छोड़ देते हैं, तो नई सरकार को योग्य, सक्षम और विषय विशेषज्ञ व्यक्तियों का चयन करने में आसानी होगी।

