Haryana

फतेहाबाद में हुआ तेल संकट, भारत पेट्रोलियम के पंप हुए खाली

फतेहाबाद, 26 मार्च । ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते युद्ध के बादलों का असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। फतेहाबाद शहर में तेल की किल्लत शुरू हो गई है, जिससे आम जनता में अफरा-तफरी का माहौल है। गुरूवार को शहर के भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंपों पर तेल पूरी तरह समाप्त हो गया है, जिसके चलते अन्य कंपनियों के पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। भारत पेट्रोलियम के शहर में दो प्रमुख पंप हैं और दोनों ही वर्तमान में तेल की कमी से जूझ रहे हैं।

पुराने बस स्टैण्ड के पास स्थित खुशी राम परमानंद पेट्रोल पम्प पर पेट्रोल और डीजल का स्टॉक खत्म हो चुका है। वहीं भट्टू रोड स्थित बत्रा पेट्रो पर भी सप्लाई बंद होने के कारण पंप ड्राई हो गए हैं। जैसे ही शहर में यह खबर फैली कि भारत पेट्रोलियम के पंप खाली हो गए हैं, लोग तुरंत अन्य कंपनियों के पंपों की ओर दौड़ पड़े। इससे शहर के बीचों-बीच स्थित अन्य पेट्रोल पंपों पर वाहनों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा और लोगों को घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।

पुराने बस स्टैण्ड के पास स्थित खुशी राम परमानंद पेट्रोल पंप के संचालक शंटी मोंगा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि कंपनी से सप्लाई फिलहाल रुकी हुई है। उन्होंने जानकारी दी कि चार दिन पहले उनके पास 22 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल की सप्लाई आई थी, जो अब पूरी तरह खपत हो चुकी है। सरकार के दिशा-निर्देशानुसार हमने केवल इमरजेंसी कोटा (एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं के लिए) सुरक्षित रखा है। आम जनता के लिए फिलहाल सप्लाई बंद करनी पड़ी है।

इस किल्लत का सीधा संबंध ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध को माना जा रहा है। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की सप्लाई चेन प्रभावित होने के कारण तेल कंपनियां आपूर्ति सुनिश्चित करने में कठिनाई महसूस कर रही हैं। हालांकि, पंप संचालकों का कहना है कि कंपनी प्रबंधन ने जल्द ही सप्लाई बहाल करने का आश्वासन दिया है, लेकिन कब तक तेल पहुंचेगा, इस पर अभी अनिश्चितता बनी हुई है। खेती के सीजन और दैनिक आवाजाही के बीच अचानक आई इस कमी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोग डर के मारे अपनी गाडिय़ों की टंकियां फुल करवा रहे हैं, जिससे अन्य पंपों पर भी स्टॉक तेजी से कम हो रहा है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि तेल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाए जाएं ताकि स्थिति और न बिगड़े। अधिकारियों ने भी जनता से संयम बरतने और केवल आवश्यकतानुसार तेल लेने की सलाह दी है।