जोधपुर-जैसलमेर सेक्शन पर 121 किमी/घंटा हाई-स्पीड परीक्षण सफल
जैसलमेर, 05 मार्च । उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने ट्रैक सुधार अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। मंडल के जोधपुर-जैसलमेर रेलखंड पर 121 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से ओएमएस ट्रेन का सफल संचालन किया गया। इससे पूर्व इस खंड पर 100 किमी प्रतिघंटा का स्पीड प्रतिबंध लागू था।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि सुरक्षित एवं तेज रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए मंडल में सुनियोजित अनुरक्षण,ट्रैक मशीन कार्य और तकनीकी उन्नयन लगातार किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के फलस्वरूप जैसलमेर रेलखंड पर उच्च गति परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
उन्होंने बताया कि परीक्षण के दौरान 0.2 जी से अधिक का कोई भी पीक दर्ज नहीं हुआ, जो ट्रैक की उच्च गुणवत्ता और सुरक्षित संचालन का प्रमाण है। यह उपलब्धि इंजीनियरिंग विभाग की सतत निगरानी,तकनीकी दक्षता और टीमवर्क का परिणाम है। सहायक मंडल इंजीनियर जैसलमेर टीम,इंजीनियरिंग मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों तथा ट्रैक मशीन स्टाफ के समन्वित प्रयासों से यह सफलता संभव हो सकी। डीआरएम के अनुसार ऐसे सुधार कार्यों से भविष्य में तेज,सुरक्षित और अधिक सुगम रेल संचालन को बढ़ावा मिलेगा।
ओएमएस (दोलन निगरानी प्रणाली) तकनीक भारतीय रेलवे द्वारा ट्रैक की गुणवत्ता जांचने के लिए उपयोग में लाई जाती है। यह प्रणाली चलती ट्रेन में कंपन और झटकों को मापकर ट्रैक की वास्तविक स्थिति का विश्लेषण करती है,जिससे कमजोर स्थानों की समय रहते पहचान कर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

