Rajasthan

प्रदेश में पहले हीटवेव , फिर पश्चिम विक्षोभ से बदलेगा माैसम

जयपुर, 08 मार्च । प्रदेश में हीटवेव का दौर शुरू हो चुका है। प्रदेश के 16 शहरों का दिन का पारा 37 डिग्री के पार दर्ज किया गया। पिलानी और बाड़मेर का दिन का पारा 40 पहुंच गया। 40.2 डिग्री के साथ पिलानी सबसे गर्म रहा। विशेष बात यह है कि जैसलमेर, बीकानेर और चूरू का दिन का पारा भी 40 डिग्री के नजदीक पहुंच गया। 11-12 जनवरी को उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ भागों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी का दौर शुरू हो चुका है। शेखावाटी के साथ पश्चिम राजस्थान के अधिकांश शहरों का दिन का पारा 40 डिग्री के नजदीक पहुंच गया। अजमेर, जयपुर, वनस्थली, पाली, जैसलमेर, जोधपुर, फलौदी, चूरू, बीकानेर, श्रीगंगानगर, डूंगरपुर, जालोर, फतेहपुर और झुुंझुनूं का दिन का पारा 37 डिग्री के पार रहा। 22 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। इसके अलावा बाड़मेर, संगरिया और बीकानेर का रात का पारा 20 डिग्री के पार दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के मध्य दर्ज किए जा रहे हैं जो की सामान्य से 4 से 9 डिग्री ऊपर है। राज्य के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने तथा आगामी दिनों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री और बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। राज्य के दक्षिणी भागों में आगामी तीन दिन अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री दर्ज होने तथा 10-11 मार्च को दक्षिण-पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं हीटवेव दर्ज होने की संभावना है। राज्य के शेष अधिकांश भागों में आगामी तीन-चार दिन अधिकतम तापमान सामान्य से 4-8 डिग्री ऊपर जारी रहने की प्रबल संभावना है। 11-12 जनवरी को उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ भागों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है।