राजस्थान में तेज गर्मी के बीच राहत की उम्मीद, 14 को आंधी-बारिश और ओलों का अलर्ट
जयपुर, 11 मार्च । राजस्थान में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव के बीच राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय होने से राज्य के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है। इसके असर से कुछ जिलों में आंधी, हल्की बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने 14 मार्च को प्रदेश के 19 जिलों में बारिश और ओले गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं बुधवार को प्रदेश के दो जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।
मंगलवार को राज्य के अधिकांश इलाकों में आसमान साफ रहा और दिनभर तेज धूप के कारण गर्मी का असर देखने को मिला। जैसलमेर, बाड़मेर सहित सीमावर्ती जिलों में हल्की से मध्यम हीटवेव महसूस की गई। बाड़मेर में मंगलवार को प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
इसके अलावा पिलानी (झुंझुनूं) में 39.2 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 39 डिग्री, चूरू में 38.7 डिग्री, जोधपुर में 38.6 डिग्री और जैसलमेर में 38.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
राजधानी जयपुर में भी गर्मी का असर दिखाई दिया। परकोटे क्षेत्र में सड़क किनारे दुकानदार तेज धूप से बचने के लिए छातों का सहारा लेते नजर आए।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार 14 मार्च को उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इस सिस्टम का असर 14 और 15 मार्च को राजस्थान में देखने को मिल सकता है।
इसके प्रभाव से राज्य के कुछ क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ हल्की आंधी-बारिश होने की संभावना है। साथ ही अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

