अनूपपुर: विद्युत विभाग ने काटे कनेक्शन: ग्राम पंचायतों ने नहीं जमा किया बिजली बकाया
अनूपपुर, 23 मार्च । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की ग्राम पंचायतों पर बिजली कंपनी का करोड़ों रुपये का बिल बकाया होने की वजह से सैकड़ों गांवों की बत्ती गुल हो गई है। जिसका सबसे असर ज्याडदा पीने के पानी की सप्लाई (नल-जल योजना) पर पड़ा है, जिससे भीषण गर्मी में ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।
बिजली कंपनी के अनुसार, अनूपपुर ब्लॉक पर करीब 81.46 लाख रुपये और कोतमा क्षेत्र पर 89.12 लाख रुपये का बिल बकाया है। यह बिल पंचायत भवनों, स्ट्रीट लाइटों और पानी की टंकियों को भरने वाले पंपों का है। पैसा जमा न होने पर कंपनी ने इन सभी के कनेक्शन काट दिए हैं।
इन गांवों में बढ़ा संकट
कोतमा बिजली कंपनी ने बदरा, लतार, पयारी, अमलाई और देवरी समेत करीब 92 पंचायतों की लिस्ट जारी की है, जिन पर भारी उधारी है। कंपनी का कहना है कि मार्च महीने का टारगेट पूरा करने के लिए यह वसूली बहुत जरूरी है।
अधिकारियों का रुख
बिजली कंपनी अधिकारी लालमणि प्रजापति ने साफ कर दिया है कि जब तक पंचायतें अपना बकाया बिल जमा नहीं करेंगी, तब तक बिजली चालू नहीं की जाएगी। जो पंचायत पैसा जमा कर देगी, वहां तुरंत कनेक्शन जोड़ दिया जाएगा।
करोड़ों की योजना ठप
हैरानी की बात यह है कि सरकार ने ग्रामीणों को साफ पानी देने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर पानी की टंकियां बनवाई थीं, लेकिन आपसी तालमेल की कमी और बिल न भरने की वजह से अब ये योजनाएं बंद पड़ी हैं और जनता परेशान हो रही है।

