भाजपा से निकाले गए नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने से आंतरिक असंतोष: महेंद्र भट्ट
देहरादून, 29 मार्च । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस द्वारा उनके बयान पर जताई गई आपत्तियों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे कांग्रेस नेताओं की “द्विअर्थी सोच” का परिणाम बताया।
देहरादून स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में रविवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान महेंद्र भट्ट ने कहा कि हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए कई नेता ऐसे हैं, जिन्हें अनुशासनहीनता, भ्रष्टाचार और अनैतिक आचरण के चलते भाजपा पहले ही संगठन से बाहर कर चुकी है। उन्होंने दावा किया कि ऐसे नेताओं को जनता ने भी स्वीकार नहीं किया और उनका कांग्रेस में जाना केवल राजनीतिक परिस्थितियों का नतीजा है।
महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि इन नेताओं के शामिल होने के बाद कांग्रेस संगठन के भीतर असंतोष बढ़ गया है। उनके अनुसार, कुछ नेताओं ने विरोध में इस्तीफा दिया है, जबकि कुछ ने चुप्पी साध ली है।
भाजपा सांसद कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि इस घटनाक्रम से पार्टी के भीतर मतभेद और गहरे होंगे और आने वाले समय में राजनीतिक अस्थिरता बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठनात्मक अनुशासन और नैतिक मूल्यों से किसी भी तरह का समझौता नहीं करती।

