UP

बंधी में डूबने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

मीरजापुर, 15 मार्च । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में लालगंज थाना क्षेत्र के जगदीशपुर बस्ती निवासी एक युवक की बंधी में डूबने से मौत हो गई। रविवार सुबह बंधी में शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जगदीशपुर बस्ती निवासी विश्राम कोल (30) शनिवार शाम घर से शौच के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इस पर परिजन ने उनकी तलाश शुरू कर दी। रविवार सुबह ग्रामीणों ने बंधी के पानी में उनका शव देखा और बाहर निकाला। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अभय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक अपने पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।